चंदौसी। नरौली में झंडे वाले बाग के पास स्थित खंडहर मकान से पुलिस ने एक आरोपी को अवैध तमंचे बनाते गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से पुलिस ने 14 निर्मित व अर्धनिर्मित तमंचे, कारतूस और तमंचे बनाने के उपकरण बरामद किए है। आरोपी को जेल भेजा गया है।
बहजोई कार्यालय में एसपी चक्रेश मिश्र ने बताया कि बनियाठेर पुलिस को बुधवार रात सूचना मिली कि नरौली के पास एक खंडहर मकान में अवैध रूप से तमंचे बनाने का काम चल रहा है। सूचना पर पुलिस ने छापा मार कार्रवाई करते हुए मौके से जुबैर उर्फ चाइना निवासी मोहल्ला काजीटोला कस्बा नरौली को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह निकाय चुनाव में सप्लाई के लिए तमंचे बना रहा था।
पुलिस ने मौके से पांच 12 बोर के तमंचे, एक 315 बोर का तमंचा, दस कारतूस, आठ अर्धनिर्मित तमंचे 12 बोर के, एक आरी, एक हथौड़ी, तीन रेती छोटी बड़ी, दो छैनी लोहा, एक प्लास, एक पेचकस, एक चोरसी लोहा, एक लकड़ी काटने की आरी, एक धोकनी लोहा स्टैंड सहित हवा के प्रेशर के लिए, दो किलो कोयला, एक चार्जिंग लाइट व लोहे की छोटी बड़ी कील आदि उपकरण बरामद किए हैं। आरोपी जुबैर के खिलाफ पहले से चार मुकदमे दर्ज हैं। टीम में प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार, एसआई सतीश मोरल, सचिन कुमार, भारत, पीयूष, सचिन मौजूद रहे।