संभल। नगर में जर्जर तार हादसों का अंदेशा पैदा कर रहे हैं। कई बार लोग समाधान की मांग उठा चुके हैं लेकिन अब तक बिजली विभाग समाधान नहीं कर सका है। यह जर्जर तार इतने नीचे हैं कि किसी भी व्यक्ति के सिर को छू सकते हैं। फाल्ट होने पर अक्सर अफरा तफरी का माहौल बन जाता है। यह समस्या काफी समय से बनी हुई है।
लोगों का कहना है कि विभाग के कर्मचारी आते हैं लेकिन सुनवाई नहीं करते। नगर पालिका क्षेत्र में मोहल्ला कोटपूर्वी और सरथल चौकी इलाके में एलटी लाइन के तार काफी नीचे लटके हुए हैं। इन तारों से कभी भी हादसा हो सकता है।
फाल्ट होने पर अक्सर अफरातफरी मच जाती है। घनी आबादी वाले इस क्षेत्र में काफी समय से जर्जर और लटके हुए तारों की समस्या है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार बिजली विभाग में शिकायत कर चुके हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं की जाती है।
आश्वासन देकर कर्मचारी अधिकारी चले जाते हैं। उसके बाद सुध नहीं लेते हैं। यही हाल चौधरी सराय में है। तारों का मकड़जाल बना हुआ है। जर्जर और लटके तारों से लोगों को समस्या है। यह समस्या कई साल से बनी हुई है। समाधान के लिए लगातार शिकायतें की लेकिन नहीं सुनी गई। बरसात के दिनों में करंट आने तक की बात लोगों ने बताई है।