हादसे के बाद पुलिस पर ट्रैक्टर ट्राली छोड़ने आरोप लगाकर ग्रामीणों ने हंगामा किया। पुलिस और ग्रामीणों के बीच कहासुनी के बाद तल्खी बढ़ गई। पुलिस ने हंगामा कर रहे ग्रामीणों को खदेड़ा तो ग्रामीण भी पुलिस की ओर दौड़ पड़े। बाद में ट्रैक्टर ट्राली थाने हिरासत में होने की बात पर मामला शांत हुआ।
थाना बनियाठेर क्षेत्र के गांव गुमथल में बुधवार की शाम साढ़े छह बजे बाइक और गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्राली में टक्कर हो गई थी। बाइक सवार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्र समेत तीन युवक गंभीर घायल हुए थे। संयुक्त चिकित्सालय में चिकित्सक ने परीक्षण के बाद हाईस्कूल के छात्र सोनू को मृत घोषित कर दिया।
इंटरमीडिएट के छात्र मनोज और हेयर कटिंग का काम करने वाले हंसनू गंभीर घायल हो गए थे। हादसे के बाद पुलिस पर ग्रामीणों ने ट्रैक्टर ट्राली छोड़ने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। पुलिस और ग्रामीणों के बीच तल्खी बढ़ गई। कहासुनी के बाद पुलिस और ग्रामीण आमने सामने आ गए। ट्रैक्टर ट्राली हिरासत में होने की पुष्टि के बाद ग्रामीण शांत हुए। सोनू का शव गुरुवार को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मनोज और हंसनू की स्थिति भी नाजुक बनी हुई है। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया है। अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। गांव से ट्रैक्टर ट्राली को थाने भेजते समय कुछ ग्रामीणों ने गलत फहमी के चलते विरोध किया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर ट्रैक्टर ट्राली थाने में भेज दी है।