चंदौसी(संभल)। आगरा व अलीगढ़ जाने के लिए अब नगर के यात्रियों को न्यू बाईपास पर रोडवेज बस के इंतजार में नहीं खड़ा होना पड़ेगा। अब पीतल नगर डिपो की एक एसी रोडवेज बस अंदर होकर रोडवेज बस स्टैंड से अलीगढ़ व आगरा के लिए रवाना होगी। इस बस के चंदौसी रोडवेज बस स्टैंड से चलने से सबसे ज्यादा फायदा आगरा जाने वाले यात्रियों को मिलेगा। पहले चंदौसी रोडवेज बस स्टैंड से कोई सीधी रोडवेज बस आगरा के लिए नहीं चलती थी। यात्रियों को शहर से करीब दो किलोमीटर दूर न्यू बाईपास पर जाना पड़ता था। यहां भी घंटों इंतजार के बाद यात्रियों को अलीगढ़ व आगरा की रोडवेज बस मिलती थी। वहीं, अलीगढ़ जाने वाली ज्यादातर रोडवेज बसें अंदर न आकर सीधे न्यू बाईपास से होकर गुजरती हैं। इससे आगरा व अलीगढ़ जाने वाले यात्री काफी परेशान होते है। लेकिन अब मुरादाबाद डिपो की एक एसी रोडवेज बस न्यू बाईपास से न गुजरकर चंदौसी रोडवेज बस स्टैंड से होकर अलीगढ़ - आगरा के लिए रवाना होगी।
चंदौसी रोडवेज बस स्टैंड प्रभारी राजीव यादव ने बताया कि आगरा व अलीगढ़ के लिए एसी रोडवेज बस सुबह करीब 7:30 बजे रवाना होगी। आगरा से वापसी होने पर यह बस रात करीब नौ बजे चंदौसी रोडवेज बस स्टैंड पर आएगी। वहीं, इस बस का अलीगढ़ तक के लिए किराया 224 रुपये और आगरा तक का किराया करीब 392 रुपये होगा। रोडवेज बस स्टैंड प्रभारी ने बताया कि बस का संचालन बस अड्डे से शुरू हो गया है।