ओबरी। संभल जिले के असमोली विकास क्षेत्र के दो गांवों के बीच जर्जर लिंक मार्ग के पैचवर्क में ठेकेदार की मनमानी के चलते सड़क में बने 322 गहरे गड्ढों में 122 गड्ढों को पत्थर और तारकोल डालकर समतल कर दिया गया। जबकि करीब 200 गड्ढों को यूं ही छोड़ दिया गया है। गड्ढों को समतल करने की मांग ग्रामीणों ने ठेकेदार से की तो उसने कम बजट का हवाला देकर लोगों को शांत कर दिया। ठेकेदार की मनमानी से ग्रामीणों में रोष है।
ओबरी-खासपुर गांव के बीच चार किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग जर्जर है। यूपी सरकार ने सड़कों के गड्ढे भरने का आदेश जारी किया तो लोक निर्माण विभाग हरकत में आया। इन गड्ढों को भी भरने के लिए प्रक्रिया शुरू हुई। पैचवर्क का काम लोक निर्माण विभाग ने शुरू कराया, लेकिन ठेकेदार की मनमानी के चलते चार किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग में 322 गड्ढों में मात्र 122 गड्ढों को ही समतल किया गया। करीब 200 गड्ढों को ऐसे ही छोड़ दिया गया। जिससे हादसे होने का खतरा अभी भी बरकरार है।
इस मामले में विभाग का पक्ष जानने के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से जानकारी करनी चाही लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।