चंदौसी। श्री रस्तोगी सभा की ओर से शुक्रवार को रंग एकादशी के उपलक्ष्य में शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में एक से बढ़कर एक आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। भगवान गणेश, विष्णु, शिव-पार्वती, महाकाल, खाटू श्याम, श्री जगन्नाथ और राधा-कृष्ण की सुंदर झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। मोहल्ला गोपाल के खेल गोपाल मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा मुख्य बाजारों से गुजरती हुई अपने प्रारंभिक स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई।
शुक्रवार को श्री रस्तोगी सभा की ओर से श्री खेल गोपाल मंदिर पर सुबह हवन का आयोजन किया गया। हवन के उपरांत अध्यक्ष नीरज रस्तोगी ने हनुमान जी को चोला चढ़ाया और गणेश जी का ध्यान कर रंग एकादशी शोभायात्रा का शुभारंभ किया। शोभायात्रा में भगवान गणेश की झांकी, भगवान विष्णु, भगवान शंकर-पार्वती, महाकाल की आकर्षक झांकी के अलावा खाटू श्याम जी की झांकी निकाली गई। श्री हरिनाम संकीर्तन और मुख्य सिंहासन पर विराजमान भगवान श्री राधा-कृष्ण का भव्य फूल डोल आकर्षण का केंद्र रहा।
शोभायात्रा में युवाओं की टोली भक्ति गीतों और जयकारों के साथ गुलाल उड़ाती हुई चल रही थी। वहीं, वृंदावन इस्कान मंदिर के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत हरिनाम संकीर्तन ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। खेल गोपाल मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा बड़ा महादेव, लाठी बाजार, घंटाघर, बड़ा बाजार, घास मंडी, ब्रह्म बाजार से कैथल गेट होते हुए पुनः मंदिर पर आकर संपन्न हुई।
इस अवसर पर ओमशंकर रस्तोगी, नीरज रस्तोगी, संजय रस्तोगी, प्रदीप कुमार रस्तोगी, विक्की रस्तोगी, रामकिशन रस्तोगी, विशाल रस्तोगी, रामकिशोर रस्तोगी, आकाश रस्तोगी, संदीप रस्तोगी आदि मौजूद रहे।