टीम का एक सदस्य और बोलेरो चालक शुक्रवार को शाम पकड़े गए हैं। टीम का मुखिया और फर्जी आयकर अधिकारी अपने सहयोगी के संग भाग गया है। पुलिस को पूछताछ में जो नाम पता चले हैं उसके आधार पर बुद्धि विहार मुरादाबाद निवासी फर्जी आयकर अधिकारी एसके पाठक और उसके सहयोगी राधेश्याम शर्मा भागे हुए हैं।
आयकर विभाग की फर्जी टीम बनाकर वसूली का धंधा करने वाले लोग मुरादाबाद के हैं। इनके पास से पुलिस ने उत्तराखंड के नंबर वाली उस बोलेरो गाड़ी को भी बरामद किया है जिस पर आयकर विभाग का स्टीकर चिपका कर यह लोग वसूली कर रहे थे। लेकिन टीम का सरगना मुरादाबाद निवासी एसके पाठक अभी हाथ नहीं आया है। अब तक जो जानकारी सामने आई है उसके अनुसार उसने फर्जी आई कार्ड तैयार करने के बाद वसूली के लिए टीम बनाई थी जो लोगों को इनकम टैक्स विभाग की कार्रवाई का भय दिखाकर ठगी कर रहे थी।
इसे मोहम्मदपुर टांडा निवासी लकड़ी व्यापारी इरफान पुत्र मोहम्मद अली की सूझबूझ से पकड़ा गया है। इरफान ने बताया कि शाम उसकी दुकान पर एक बोलेरो रुकी। इसमें से तीन व्यक्ति उतरे। जिसमें एक ने खुद को आयकर अधिकारी बताया और कहा कि दुकान का पैनकार्ड कहां है? कितने का सालाना कारोबार है।
आयकर देते हैं या नहीं? जवाब में इरफान ने कहा कि आयकर नहीं देते हैं तो उसने कार्रवाई और पेनाल्टी का भय दिखाकर एक लाख रुपये मांगे। रुपये देने से इनकार किया तो टीम ने नोटिस भेजने की बात कही। इरफान का कहना है कि उन्हें शक हो गया तो उन्होंने बाइक से टीम का पीछा किया और इसके बाद नरौली में टीम मिली लेकिन यहां इसे पकड़ा नहीं जा सका। पुलिस को खबर दी गई। टांडा पुलिस चौकी ने सड़क पर अवरोध लगा दिए। टांडा चौकी में गाड़ी पकड़ी गई। गाड़ी में दो लोग पकड़े गए हैं।
टांडा पुलिस चौकी के इंचार्ज ने बताया कि पूछताछ में इन लोगों खुद को मुरादाबाद जिले के गांव मऊ का निवासी विनोद कुमार पुत्र विजय सिंह और सरताज पुत्र जाकिर निवासी मोहल्ला खदाना मझोला बताया है। इन लोगों से हुई पूछताछ में फर्जी आयकर अधिकारी के तौर पर मुरादाबाद निवासी एसके पाठक का नाम सामने आया है। फर्जी आयकर अधिकारी के सहयोगी के तौर पर लाकड़ी फाजलपुर निवासी राधेश्याम का नाम पुलिस के सामने आया है।
पुलिस इन जोनों के बारे में छानबीन कर रही है।
फर्जी आयकर अधिकारी और उसकी टीम के सभी सदस्यों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के आदेश कोतवाली पुलिस को दिए हैं। कोतवाली में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज हो गई है। फर्जी आयकर अधिकारी भागा हुआ है लेकिन दो लोग पकड़े गए हैं। इनसे पूछताछ की जा रही है।- बालेंदु भूषण सिंह एसपी।