बहजोई। बिजली के बढ़ते दामों व कटौती के खिलाफ आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए कलक्ट्रेट पर ज्ञापन दिया।बुधवार को डिप्टी कलक्टर रमेश बाबू को दिए गए ज्ञापन में आप जिलाध्यक्ष सचिन कुमार एडवोकेट ने बताया कि ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बढ़ते बिजली के दामों के कारण जनता पहले से ही त्रस्त है। अब लोग बिजली कटौती की मार झेलने को भी मजबूर हैं। जिले में 10 से 12 घंटे तक बिजली कटौती की जा रही है। विद्यार्थियों को पढ़ाई में दिक्कत आ रही है। घरेलू व दफ्तरों के काम-काज प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीण अंचलों में किसानों को फसल की सिंचाई के लिए भी बिजली नहीं मिल पा रही है। निजी कंपनियों की ओर से घरों में जाकर मीटर रीडिंग के नाम पर जमकर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। सरकार बिजली कटौती के मुद्दे पर गंभीरता दिखाई जाए। फर्जी मीटर रीडिंग पर भी विशेष ध्यान देते हुए दोषियों पर कार्रवाई की जाए। ज्ञापन पर इकबाल, प्रमोद, अमरपाल, अनुज आहूजा व राजेश आदि के नाम हैं।