बबराला। राजघाट पर दो सगे भाइयों समेत तीन युवक गंगा स्नान कर रहे थे, जिनमें एक युवक गंगा में नहाते समय पैर फिसलने से गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। यह देखकर छोटा भाई व उसके बहनोई बचाने के लिए चीखते चिल्लाते रहे, लेकिन जब तक स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे तब तक वह गहरे पानी में समा गया।
युवक के डूबने की सूचना पर पहुंची पुलिस व स्थानीय गोताखोरों ने सोमवार की शाम साढे़ छह बजे तक काफी तलाश किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। सूचना पर गंगा में युवक के परिजन व ग्रामीण भी गंगा किनारे घाट पर बैठकर बेसब्री से उसके मिलने का इंतजार कर रहे हैं, जबकि राजस्व विभाग व स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। धनारी थाना क्षेत्र के गांव सुल्तानगढ़ की करेला की मढैया निवासी सोमवीर (32) अपने छोटे भाई जितेंद्र व क्षेत्र के गांव भवनपुरी निवासी अपने बहनोई उमेश के साथ सोमवार सुबह 11 गंगा स्नान करने गंगा घाट राजघाट पर आए थे। तीनों पुल से पश्चिम दिशा में दो सौ मीटर दूरी पर नहाने लगे, जिसमें उसका छोटा भाई जितेंद्र व बहनोई उमेश गंगा स्नान करने के बाद गंगा से बाहर निकल आए, लेकिन सोमवीर नहाने के दौरान गहरे पानी में चला गया और कुछ पता नहीं चला।
युवक को डूबता देख उसका भाई व बहनोई बचाओ-बचाओ चिल्लाते रहे, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। स्थानीय गोताखोरों ने इधर-उधर काफी तलाशा, लेकिन उसका देर शाम तक कोई पता नहीं चला सका।
सूचना मिलने पर गंगा घाट पर राजस्व विभाग व स्थानीय पुलिस सहित परिजन व ग्रामीण पहुंच गए। देर रात तक गंगा के किनारे परिवार की महिलाएं विलाप करती रहीं।