चंदौसी। सद्भावना एक्सप्रेस से बिहार जा रही गर्भवती महिला की हालत बिगड़ गई। उपचार मिलने से पहले ही मौत हो गई। महिला परिवार के साथ गाजियाबाद से बिहार के लिए रवाना हुई थी। रास्ते में हालत बिगड़ी तो चंदौसी अस्पताल लेकर गए। यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम कराए बिना ही महिला का शव एंबुलेंस की सहायता से बिहार भेजा गया है।
बिहार के मोतीहारी निवासी विद्यानंद अपनी पत्नी गुड्डो व मासूम बेटी के साथ गाजियाबाद में मजदूरी करता है। मंगलवार को गाजियाबाद से अपने गांव जाने के लिए सद्भावना एक्सप्रेस से सवार होकर चला था। मुरादाबाद में आकर महिला की हालत बिगड़ने लगी। महिला के पति ने इसकी जानकारी टीसी को दी।
टीसी ने चंदौसी जीआरपी को अवगत कराया। चंदौसी पहुंचने पर महिला को एक्सप्रेस से उतारकर सीएचसी चंदौसी लाया गया। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। महिला के पति ने बताया कि उसकी पत्नी गर्भवती थी।
गाजियाबाद में लॉकडाउन के चलते मजदूरी नहीं मिली तो गांव के लिए जा रहा था। महिला के पति ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और शव एंबुलेंस की सहायता से गांव ले गया है।