चंदौसी। कोतवाली क्षेत्र के गांव करेला में शु्क्रवार की आधी रात शादी वाले घर में कच्ची छत भरभरा कर गिर गई। मलबे में दब कर महिलाओं और बच्चों समेत आठ लोग घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी लाया गया। जहां चिकित्सक ने चार घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। शनिवार की सुबह गांव पहुंच कर जानकारी ली है।
गांव करेला निवासी टिंकू के परिवार में हरिद्वारी लाल मौर्य के बेटे राजकुमार की शुक्रवार को शादी थी। दिन में शादी के बाद घर में मेहमान रुके हुए थे। देर रात दो बजे करीब अचानक गाटर व पटिया की बनी छत भरभरा कर गिर गई। कमरे में बैठे लोग मलबे में दब गए। धमाके की आवाज सुन कर पास पड़ोस के लोग भी आ गए और राहत कार्य में जुट गए।
परिजनों व ग्रामीणों ने मलबा हटा कर दबे लोगों को बाहर निकाला। मलबे में दब कर टिंकू, उनकी मां सावित्री, रिश्तेदार रामवती (50) , ताराचंद (20), आकाश (14), अंजू (13), राधा (11), मुनीश (18) घायल हो गए। परिजन घायलों को 108 एंबुलेंस से सीएचसी चंदौसी ले गए।
जहां चिकित्सक ने चार घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कोतवाली प्रभारी अनुज कुमार तोमर ने बताया कि शनिवार की सुबह सरकारी अस्पताल से मेमो मिलने पर घटना की जानकारी हुई। पुलिस को मौके पर भेज कर जानकारी ली गई है। संवाद