संभल। थाना क्षेत्र के ईसमपुर तिराहे पर ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से बाइक सवार किशोर की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्राली छोड़कर ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। घायल को उपचार के लिए अलीगढ़ ले जाया गया है। वहीं, कोतवाली में अज्ञात चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
अलीगढ़ के थाना इगलास के ग्राम गौरई निवासी 15 वर्षीय लवकुश अपने 20 वर्षीय दोस्त तौहीद के साथ शुक्रवार को बाइक से जुनावई में एक रिश्तेदार के यहां आ रहा था। शाम साढ़े पांच बजे गुन्नौर क्षेत्र के ईसमपुर तिराहे पर उनकी बाइक बालू से भर ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आ गई। हादसे में बाइक सवार लवकुश की मौके पर ही मौत हो गई और उसका दोस्त तौहीद गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घायल तौहीद को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने उसे वहां से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना की सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्राली को छोड़कर ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। पुलिस ने ट्राली को कब्जे में ले ली है। मृतक के पिता हरि प्रसाद ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध कोतवाली में दर्ज कराई गई है।