बहजोई। डंपर की टक्कर से सड़क पार कर रही किशोरी मोहिनी, 16 वर्ष पुत्री पीतांबर निवासी गांव परतापुर थाना बहजोई की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हादसे की जांच-पड़ताल के बाद डंपर व चालक को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया। हादसा बहजोई-संभल मार्ग पर गांव परतापुर व भवन के बीच हुआ। वहीं परिजनों व ग्रामीणों की भीड़ के चलते सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।
विज्ञापन
भाई गौतम ने बताया कि बृहस्पतिवार को सुबह दस बजे करीब उसकी बहन मोहिनी खेत से घर के लिए जा रही थी। सड़क पार करते समय डंपर ने उसकी बहन को टक्कर मार दी। इससे उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई और कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया। वहीं गुस्साए परिजन व ग्रामीण पूरे मामले में कार्रवाई को लेकर सड़क पर आ गए। पुलिस ने हादसे को लेकर प्रभावी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। तब कहीं जाकर परिजन व ग्रामीण माने और सड़क पर से हटे। इस बीच करीब आधा घंटे तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही। एसएसआई सतेंद्र सिंह ने बताया कि डंपर व चालक पुलिस के कब्जे में हैं। किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पिता पीतांबर की तहरीर पर डंपर चालक हरदीप सिंह निवासी पंजाब के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।