चंदौसी। गांव देवरखेड़ा के मोहल्ला अशोक नगर में सोमवार की सुबह अचानक उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक किराये के मकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई।
चंद मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और घर में रखा फर्नीचर, कपड़े व अलमारी में रखी डेढ़ लाख की नकदी जलकर राख हो गई। हालांकि पड़ोसियों ने साहस दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक पीड़ित परिवार की जमा-पूंजी खाक हो गई।
थाना हजरतनगर गढ़ी के गांव हरदुल्लापुर निवासी त्रिलोकी अपने परिवार के साथ चंदौसी से सटे गांव देवरखेड़ा के अशोक नगर मोहल्ला में किराए के मकान में रहते हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह वह अपनी पत्नी चंद्रवती, बेटे कमल और बेटी संजू के साथ मजदूरी करने के लिए घर से चले गए थे। उनके पीछे सुबह करीब दस बजे घर के कमरे में शॉर्ट सर्किट हो गया और आग लग गई। कमरे से धुआं उठता देख पड़ोसी मनोज ने शोर मचाया।
जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर आ गए और आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। पड़ोसियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। घटना की सूचना मिलने पर पीड़ित परिवार मौके पर पहुंचा। जले हुए सामान को देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पीड़ित त्रिलोकी ने बताया कि आग की चपेट में आकर फर्नीचर, कपड़े व अलमारी में रखे करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी जलकर खाक हो गई। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।