चंदौसी। अतिक्रमण अभियान के दौरान संभल गेट स्थित बीएमजी इंटर कॉलेज के बाहर नाले पर बनी दुकानें ध्वस्त कर दी गईं। अब दुकानदार जहां तहां भटक रहे हैं। कुछ दुकानदारों ने घर खर्च चलाने के लिए किराए पर दुकानें लेकर व्यापार शुरू किया है। नगर पालिका और कॉलेज समिति से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा। दुकानदार पालिका के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
शहर में आठ नवंबर 2024 से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था। तीन दिसंबर को संभल गेट पर बीएमजी इंटर कॉलेज के बाहर बनी पालिका की 10 दुकानों को पालिका ने बुलडोजर से खाली करा कर ध्वस्त कर दिया। नगर पालिका ने सात दुकानों को पीछे की और कॉलेज परिसर में बढ़ा कर बनाने की बात कही है। तो वहीं कॉलेज प्रबंध समिति कॉलेज परिसर में दुकान बढ़ाने से इनकार कर रही है। ऐसे में दुकानदार परेशान हैं कि उन्हें दुकान मिलेगी भी या नहीं।
बोले दुकानदार
- बीएमजी इंटर कॉलेज के बाहर मेरी फोटो स्टेट ओर ऑनलाइन कैफे की दुकान थी। दुकान टूटे एक माह से अधिक का समय हो गया। दुकान के लिए कोई निर्देश नहीं मिले हैं।- राजू राणा, दुकानदार।
- मेरी यहां किराना की दुकान थी। अब दुकान मिलने के लिए पालिका व कॉलेज समिति कोई जवाब नहीं दे रही है। ऐसे में घर खर्च के लिए छोटी दुकान किराये पर लेकर व्यापार शुरू किया है जो हल्का चल रहा है। -राहुल साहनी, दुकानदार।
- मेरी यहां कॉस्मेटिक की दुकान थी। एक माह से रोजगार की तलाश में भटक रहा हूं। पालिका और कॉलेज समिति से कोई जवाब नहीं मिल रहा। पालिका प्रशासन इस ओर ध्यान दे।-परमेश राणा, दुकानदार।
- मेरी यहां पेंटर की दुकान थी। दुकान टूटने के एक माह बाद भी दुकान नहीं मिली और दुकान मिलेगी या नहीं कोई जवाब नहीं मिला है।- राजू कुमार, दुकानदार।
- दुकानें कॉलेज परिसर में नहीं बढ़ाने दी जाएगी। किसी भी दुकानदार ने किराया भी जमा नहीं किया था। वहीं कॉलेज के पास जगह ही नहीं है। - पंकज शर्मा, पूर्व पालिकाध्यक्ष व कॉलेज प्रबंध समिति सदस्य।
वर्जन
- जिन दुकानदारों की दुकानें टूटी हैं। उन्हें यहीं दुकान दी जाएगी। बावड़ी के कार्य के चलते अभी नाले से अतिक्रमण भी नहीं हटाया गया है। जल्दी ही कॉलेज प्रशासन से बात कर समाधान निकाला जाएगा। - कृष्ण कुमार सोनकर, ईओ।