असमोली के गांव बेला में मकान गिराने के लिए पहुंची जेसीबी। संवाद
संभल। सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई जारी है। कुछ समय पहले असमोली क्षेत्र के गांव बेला में स्थित गाटा संख्या 320 के 0.015 पर अवैध कब्जा करके मकान का निर्माण कराया गया था। इसे राजस्व प्रशासन की टीम ने सोमवार को बुलडोजर से ध्वस्त कराया। इससे पहले चहारदीवारी को तुड़वाया जा चुका है।
बताते चले कि जून-2024 में बेला के ग्रामीणों ने तहसीलदार को शिकायतीपत्र देकर बताया था कि ग्राम प्रधान ने ग्राम समाज/खाद के गड्ढे की खाली पड़ी भूमि पर सरकारी निर्माण कार्य शुरू कराया था।
लोगों ने पूछा तो गांव में उचित दर विक्रेता की दुकान के लिए निर्माण कराने की बात कही थी। आरोप लगाया कि निर्माण पूरा होने के बाद ग्राम प्रधान परिवार के साथ मकान में रहने लगा है। लोगों ने विरोध किया तो ग्राम प्रधान ने दबंगई दिखाते हुए गाली-गलौज की।
ग्रामीणों ने तहसीलदार से मामले की जांच कराकर ग्राम प्रधान के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। इसके बाद तहसीलदार ने जांच कराई तो कब्जा पाया गया।
चहारदीवारी को उस समय ही बुलडोजर से ध्वस्त करवा दिया गया था। लिंटर तोड़ने के लिए एसडीएम के न्यायालय में सुनवाई हुई। इसमें लिंटर समेत सभी कब्जे को हटवाने के आदेश दिए गए।
सोमवार को टीम गांव पहुंची और अवैध कब्जा हटवाया। तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बुलडोजर की मदद से पक्के मकान को तुड़वाया गया है। लिंटर तुड़वाने में कुछ समस्या आई थी लेकिन कब्जा पूरी तरह से ध्वस्त करा दिया है। बताया कि तहसील क्षेत्र में अवैध कब्जा कहीं भी हो, उसे रहने नहीं दिया जाएगा।