चंदौसी। शुक्रवार रात से शुरू हुई बारिश शनिवार को दिन भर जारी रही, जिससे शहर की सड़कों पर जलभराव हो गया। इसके चलते बिजली आपूर्ति बाधित हुई और करीब एक हजार की आबादी को बिजली तथा पानी के गंभीर संकट का सामना करना पड़ा। शाम छह बजे बिजली बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
बारिश का सिलसिला शुक्रवार रात 11 बजे से शुरू होकर शनिवार को पूरे दिन चला। सुबह से ही स्टेशन रोड, संभल गेट और गोशाला रोड जैसी प्रमुख सड़कों पर पानी भर गया। सुबह नौ बजे के करीब क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। दोपहर तक शक्तिनगर, स्टेशन रोड और आवास विकास जैसे इलाकों में बिजली के साथ पानी का संकट गहरा गया। घरों में लगे पानी के पंप बेकार हो गए और पानी की टंकियां खाली हो गईं। लोग पानी के लिए तरसते रहे।
शक्तिनगर के सुनील सौरभ ने बताया कि सुबह नौ बजे से बिजली गुल थी और पानी की टंकी भी खाली हो गई थी। उन्होंने कहा कि पालिका की लाइन में पानी की आपूर्ति सुबह-शाम ही आती है, जिससे उन्हें परेशानी हुई। आवास विकास के विनोद कुमार और मनोज कुमार ने बताया कि सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहने से बिजली उपकरण शोपीस बने रहे। उन्हें बूंद-बूंद पानी के लिए तरसना पड़ा। संवाद