24 नवंबर 2024 को हुए बवाल के बाद शहर की सुरक्षा मजबूत की जा रही है। रायसत्ती पुलिस चौकी को थाने के रूप में स्थापित किए जाने की कवायद शुरू कर दी गई है। इसी तरह हिंदूपुरा खेड़ा और खग्गू सराय में पुलिस चौकी का निर्माण किया जाना है। जामा मस्जिद के नजदीक सत्यव्रत पुलिस चौकी का निर्माण चल रहा है। यह सुरक्षा उन इलाकों में बढ़ाई जा रही है, जहां बवाल के दौरान पुलिस की घेराबंदी की गई थी। पत्थरबाजी और फायरिंग के साथ आगजनी उपद्रवियों ने कर दी थी। रायसत्ती पुलिस चौकी नखासा थाने में आती है। अब इस पुलिस चौकी को थाना बनाया जाना है। इस पुलिस चौकी के इलाके में दीपा सराय, खग्गू सराय इलाका आता है। थाना बनने के बाद इसका इलाका बढ़ जाएगा। एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि रायसत्ती पुलिस चौकी जिस भवन में संचालित होती है उसमें जमीन इतनी है कि वहां थाना बनाया जा सकता है। थाना बनाए जाने की प्रक्रिया को शुरू कर दिया है। कोशिश रहेगी कि इस पुलिस चौकी को जल्द ही थाने के रूप में स्थापित किया जाए। एसपी ने बताया कि इसके अलावा खग्गू सराय और हिंदूपुरा खेड़ा में पुलिस चौकी बनाई जानी हैं। दोनों ही इलाके में भूमि देख ली गई है। जल्द इन दोनों इलाके में भी पुलिस चौकी का निर्माण शुरू कराया जाएगा। अभी हिंदूपुरा खेड़ा में एक चेकपोस्ट भी बनाया जा रहा है।
बवाल की आग हिंदूपुरा खेड़ा, नखासा तिराहा और दीपासराय तक पहुंची थी
जामा मस्जिद सर्वे के दौरान हुए बवाल से जामा मस्जिद का इलाका जल उठा था। इस बवाल की आंच बाद में नखासा तिराहा, हिंदूपुरा खेड़ा और दीपा सराय तक पहुंची थी। दीपा सराय में नखासा थाने में तैनात दरोगा शाह फैसल व उनके साथी पर जानलेवा हमला किया था और लूटपाट की थी। इस पूरे बवाल पर काबू पाने में पुलिस को पांच से छह घंटे का समय लगा था। इस दौरान पुलिस को यह भी सूचना नहीं मिल पा रही थी कि भीड़ कहां जुट रही है और कहां से हमला कर रही है। एसपी और डीएम पर जानलेवा हमला किया गया था। इस बवाल के बाद ही अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए कवायद शुरू की थी। एसपी का कहना है कि शहर में मजबूत सुरक्षा व्यवस्था के लिए एक थाना और पुलिस चौकियां बनाई जानी हैं।
बबराला थाने के लिए जमीन मिलने का इंतजार
बबराला में थाना बनाने के लिए शासन से मंजूरी है, लेकिन अभी थाने के भवन के लिए जमीन की तलाश की जा रही है। जहां बबराला पुलिस चौकी का संचालन किया जाता है वहां इतनी जमीन नहीं है कि वहां थाने का भवन बनाया जा सके। इसलिए पुलिस विभाग ने राजस्व विभाग से जमीन दिए जाने का आग्रह किया है। एसपी का कहना है कि जमीन मिलने के बाद बबराला में थाना बनाए जाने की प्रक्रिया को तेज किया जाएगा। अभी जमीन मिलने का इंतजार है। मालूम हो बबराला पुलिस चौकी गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र में आती है।
- संभल शहर में मजबूत सुरक्षा को बनाने के लिए थाना और पुलिस चौकियां निर्माण की प्रक्रिया शुरू की है। सत्यव्रत पुलिस चौकी का निर्माण हो गया है। लोकार्पण किया जाना बाकी है। रायसत्ती थाना और खग्गू सराय व हिंदूपुरा खेड़ा में पुलिस चौकी का निर्माण भी जल्द किया जाएगा।
कृष्ण कुमार बिश्नोई, एसपी, संभल