संभल। 24 नवंबर को हुए बवाल के मास्टरमाइंड शारिक साटा के खिलाफ पुलिस परमानेंट वारंट जारी कराने की प्रक्रिया को बढ़ा रही है। एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई का कहना है कि इसी सप्ताह में परमानेंट वारंट जारी हो जाएगा। इसके बाद गिरफ्तारी के लिए पत्राचार शुरू किया जाएगा। इंटरपोल द्वारा शारिक साटा की गिरफ्तारी होनी है।
एसपी के अनुसार वह दुबई में रहकर अपने गिरोह को चला रहा है। शारिक साटा का गिरोह देश में वाहन चोरी करता है और नेपाल तक वाहनों को पहुंचाने का काम करता है। इस बवाल में जब शारिक साटा की भूमिका सामने आई तो उसकी खोजबीन की गई थी। इसी क्रम में अब परमानेंट वारंट जारी कराने की तैयारी है।
एसपी ने बताया कि परमानेंट वारंट तब जारी किया जाता है जब कोई व्यक्ति अदालत की समन या जमानती वारंट जारी होने के बाद भी पेश नहीं होता है। यह वारंट पुलिस को उस व्यक्ति को गिरफ्तार करने और अदालत में पेश करने का अधिकार देता है। यह वारंट तब तक रद्द नहीं होता जब तक कि अदालत रद्द न कर दे। इसमें आरोपी को अदालत में पेश होना ही होता है।
रेड कॉर्नर नोटिस होगा जारी
एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि परमानेंट वारंट जारी होने के बाद पुलिस मुख्यालय को पत्र लिखकर अवगत कराया जाएगा। पुलिस मुख्यालय से सीबीआई को पत्राचार किया जाएगा। इसके बाद सीबीआई की ओर से इंटरपोल को गिरफ्तारी के लिए लिखा जाएगा। तब इंटरपोल की ओर से रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर गिरफ्तारी की जाएगी। एसपी ने बताया कि इस प्रक्रिया को जल्द पूरा कराया जाएगा। ताकि बवाल के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर संभल लाया जा सके।