संभल। रंगों का उत्सव होली शुक्रवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। चारों ओर हवा में उड़ते अबीर-गुलाल और रंगों के बीच लोग उल्लास से सराबोर नजर आए। बच्चे हो या बड़े हर कोई होली की मस्ती में दिखे। लोगों ने आपसी मनमुटाव और गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे से गले मिलकर होली की बधाई दी। संभल और सिरसी में रंग चौपाई निकाली गई।
शुक्रवार को संभल में सरथल चौकी से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में चौपाई शुरू की गई, जो कोटपूर्वी, कल्कि विष्णु मंदिर, जामा मस्जिद के पीछे होती हुई डाकखाना रोड, आर्य समाज रोड पर पहुंचकर संपन्न हुई। वहीं, नगर हिंदू सभा की ओर से मोहल्ला कोटपूर्वी स्थित रामलीला मैदान से होली की चौपाई निकाली गई। यह कल्कि मंदिर, जामा मस्जिद के पीछे होती हुई डाकखाना रोड होकर आर्य समाज रोड, अंजुमन चौराहा, नखासा चौराहा, बाजारगंज, मोहल्ला ठेर आदि स्थानों से होकर सूर्यकुंड मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। चौपाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की कमान पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने खुद संभाली। इस दौरान अपर जिलाधिकारी केके अवस्थी, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक जायसवाल, उप जिलाधिकारी रमेश बाबू, सीओ जितेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे।
सिरसी में निकली रंग चौपाई, खूब उड़ा अबीर-गुलाल
सिरसी (संभल)। सिरसी में होली पर चौपाई मोहल्ला चौधरियान स्थित साहू यशपाल सरन के मकान से शुरू हुई, जो ठाकुर बस्ती, कश्यप मोहल्ला, सादक सराय, डाकखाना रोड, पुलिस चौकी, मोहल्ला चौधरियान होता हुआ वापस महादेव मंदिर स्टेशन रोड पर पहुंच कर संपन्न हुई। चौपाई में रंगों से सराबोर लोग अबीर-गुलाल उड़ाते और बुरा न मानो होली है बोलते आगे बढ़ रहे थे। चौपाई कस्बे में निर्धारित रास्तों से होकर गुजरी। इस दौरान हजरतनगर गढ़ी थाने के इंस्पेक्टर सीवी सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
सुबह से शुरू हो गया था रंग खेलने का दौर
संभल। शुक्रवार को हर तरफ रंग गुलाल नजर आए। शहर की कॉलोनियों में लोगों ने अपने अंदाज में होली खेली। किसी ने दूसरे पर पानी की बौछार मारी तो कोई अपने साथी को उठाकर पानी की टंकी में ही डालता नजर आया। रंग खेलने का दौर सुबह करीब आठ बजे के आसपास शुरू हो गया। लोगों ने शुरुआत गली मोहल्लों से की और फिर पूरे शहर में चक्कर काटते नजर आए। लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान कुछ लोग ढोल बजाते नजर आए तो कुछ ने ढफ की थाप पर नाचते हुए होली मनाई।