असमोली(संभल)। थाना क्षेत्र के गांव दबोई खुर्द में जिला मुरादाबाद के गांव से आई बरात में किसी बात को लेकर बराती आपस में भिड़ गए। जमकर मारपीट हुई। मनौटा पुल चौकी पहुंचने पर भी मारपीट बंद नहीं हुई। सूचना मिलने पर पहुंची थाना पुलिस उसे थाने ले आई, लेकिन किसी की ओर से कोई तहरीर न दिए जाने के कारण उन्हें छोड़ दिया गया।
थाना क्षेत्र के गांव दबोई खुर्द निवासी राजपाल की बेटी की बरात जिला मुरादाबाद के बाखरपुर आटन छोटी गांव से आई थी। बरात गांव पहुंची तो किसी बात को लेकर बरातियों में गाली गलौज होने लगी और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्ष मनौता पुल चौकी पर पहुंच गए, लेकिन पुलिस चौकी को भी मारपीट का अखाड़ा बना दिया। सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उपद्रव मचा रहे बरातियों को थाने ले आई।
थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि किसी भी पक्ष की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। जैसे ही तहरीर मिलेगी कार्रवाई की जाएगी। बताया कि मारपीट में 18 लोग चोटिल हो गए, जिनका मेडिकल कराया गया है। संवाद