असमोली। हसनपुर क्षेत्र में लिंक मार्ग पर पतेई भूड़ के पास मंगलवार देर रात बाइक सड़क किनारे पर खड़ी बुग्गी से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार संभल के हलवाई की मौत हो गई। जबकि उसका साथी घायल हो गया। हलवाई की मौत की सूचना मिलने पर परिजनों में शोक व्याप्त है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
बताते हैं कि जनपद संभल के थाना एचोड़ा कंबोह के गांव बाबू खेड़ा निवासी जयप्रकाश सैनी (35) पेशे से हलवाई थे। मंगलवार शाम को वह अपने दोस्त उसी गांव के रवि कुमार के साथ हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव रझोहा में एक व्यक्ति से पैसे लेने आए थे। पैसे लेकर देर रात घर लौट रहे थे। रझोहा से सबदलपुर सुमाली को जोड़ने वाले लिंक मार्ग पर पतेई भूड़ के पास सड़क किनारे खड़ी बुग्गी में पीछे से टक्कर लग गई। हादसे में मौके पर ही
जयप्रकाश सैनी की मौत हो गई। जबकि उनका साथी घायल हो गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ा है। सीओ पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।