चंदौसी। थाना कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव बलकरनपुर में किसी बात को लेकर हुई कहासुनी के बाद युवक को घर में खींचकर बंधक बनाया और सिर में कुल्हाड़ी मार कर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने मृतक के बड़े भाई की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
हत्याकांड के बाद से ही आरोपी फरार चल रहे हैं। गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। वहीं हत्या क्यों की गई कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस की जांच जारी है।
गांव बलकरनपुर में शुक्रवार की शाम गांव के राय सिंह के 20 वर्षीय बेटे बॉबी को पड़ोसी जसराज घर से बुला कर ले गया था। गांव के मंदिर के पास दोनों ने शराब पी थी। इसी दौरान जसराज और बॉबी में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। उस समय बॉबी वहां से लौट आया। उसके बाद बॉबी अपने बड़े भाई बलवीर के साथ गांव में जा रहा था। इसी दौरान जसराज के घर के सामने से निकला तो जसराज ने कुछ लोगों के साथ बॉबी को अपने घर में खींच लिया। जबकि उसका भाई मौके से भाग गया।
भाई ने घर जाकर परिजनों को मामले की जानकारी दी। परिजन दौड़ कर मौके पर पहुंचे तो बॉबी लहूलुहान हालत में जसराज के घर में पड़ा था। उसकी मौत हो चुकी थी। बॉबी के दोनों हाथ पैर रस्सी से बंधे हुए थे। सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया गया था। सीओ दीपक तिवारी ने बताया कि मृतक के बड़े भाई बलवीर की तहरीर के आधार पर जसराज समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी फरार चल रहे हैं। उन्होंने बताया कि हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। गिरफ्तारी होने पर कारण स्पष्ट हो सकेगा। गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।