जुनावई(संभल)। मेरठ-बदायूं मार्ग पर गांव धनीपुर के पास बुधवार को परचून के सामान से लदा कैंटर अनियंत्रित हो गया और ट्रैक्टर-ट्राॅली व विद्युत पोल को टक्कर मारकर सड़क पर पलट गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस ने कैंटर चालक को हिरासत में ले लिया है। गांव नंदपुर निवासी रामविरेश नोयडा में कैंटर चलाता है। बुधवार को वह कैंटर में परचून का सामना भरकर ला रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दो कैंटर चालकों ने अपने अपने वाहनों को सुबह से देशी शराब की दुकान के सामने खड़ा कर दिया था। शाम साढ़े चार बजे रामविरेश अपने कैंटर को तेज रफ्तार से कस्बे के मैन चौराहे की तरफ ले जाने लगा। तभी साप्ताहिक बाजार के पास पहुंचने पर चालक ने वाहन को हाईटेंशन लाइन के पोल में जोरदार टक्कर मारने के बाद रोड किनारे खड़े कुलदीप की ट्रैक्टर ट्राॅली को टक्कर मार दी। इसके बाद कैंटर तीन किलोमीटर दूर थाना क्षेत्र के मेरठ-बदायूं मार्ग पर धनीपुर गांव के सामने जाकर पलट गया। वहां परचून का सामान रोड पर फैल गया। तभी मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने भाग कर चालक को शीशा तोड़ कर बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी से कैंटर को सीधा करा कर एक साइड में कर दिया और चालक को पकड़कर थाने ले गई। प्रभारी निरीक्षक मेघपाल सिंह ने बताया कि कैंटर चालक का मेडिकल कराया जा रहा है। रिपोर्ट में एल्कोहल आता है तो लाइसेंस निरस्त कराने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही इस मामले में ट्रैक्टर चालक आदि की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
-
फोटो
अलग-अलग ग्रुप बनाकर मारपीट करने के मामले में चार लोग गिरफ्तार
जुनावई। ग्रुप बनाकर मारपीट कर वीडियो बनाकर वायरल करने के मामले में पुलिस ने दोनों ओर से मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दोनों ग्रुप के चार युवकों को डंडे और चाकू के साथ गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से सभी को जेल भेज दिया गया है।
थाना क्षेत्र में युवकों के तीन ग्रुप सक्रिय हैं, जो अपने ग्रुप को मजबूत दिखाने के लिए आए दिन एक-दूसरे से भिड़ जाते हैं। 25 अगस्त को भी एक ग्रुप के युवकों ने दूसरे ग्रुप के दो लोगों को असदपुर रोड पर घेरकर मारपीट की। साथ ही फायरिंग भी की थी। इसका बदला लेने के दूसरे ग्रुप युवकों ने 28 अगस्त को साप्ताहिक बाजार कर घर लौट रहे तीन लोगों को पकड़कर मारपीट की और लालू नाम के युवक को वाहन में डालकर ले गए। बाद में उसे दूसरे स्थान पर फेंक गए। क्राइम इंस्पेक्टर बलराम सिंह यादव ने बताया कि दोनों तरफ की तहरीर के आधार पर थाना पुलिस ने एक ग्रुप के लालू, राजेश, सुरेंद्र व दूसरे ग्रुप के दिनेश सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। जहां से सभी को जेल भेज दिया गया है।