कोरोना महामारी से बचाने के लिए 16 मार्च से देशभर में शुरू हो रहे 12 से 14 वर्ष की आयु वाले बालकों को टीकाकरण की जिले में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके लिए बुधवार से सत्र की शुरूआत चंदौसी सीएचसी से होगी। इस टीकाकरण अभियान के तहत जिले में 92,210 बालकों को वैक्सीन की डोज लगाई जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, जिले में 16 जनवरी-2021 से टीकाकरण शुरू हुआ था। कई क्रम में अलग-अलग आयु वर्ग के लोगों को टीकाकरण का लाभ दिया गया। अभी तक 15 साल से अधिक आयु वाले लाभार्थियों का टीकाकरण किया जा रहा है। हालांकि कुछ दिन पहले से 12 से 14 साल वाले बालकों को टीकाकरण की तैयारी की जा रही थी। वैक्सीन कोल्ड चेन के मैनेजर अरशद रसूल ने बताया कि राज्य स्तर से मिले निर्देशों के तहत 12 साल की उम्र पूरी कर चुके बच्चों का ही वैक्सीनेशन हो सकेगा। यानी 16 मार्च को वह बच्चे पात्र होंगे, जिनका जन्म 15 मार्च 2010 को या उससे पहले हुआ हो। इस तारीख के बाद जन्मे बच्चों का वैक्सीनेशन नहीं किया जा सकेगा। यह तारीख एक-एक दिन कर बढ़ती जाएगी।
कोर्बेवैक्स वैक्सीन का होगा प्रयोग
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, 12 से 14 आयु वर्ग के लाभार्थियों को कोर्बेवैक्स वैक्सीन की डोज लगाई जाएगी। यह वैक्सीन खासतौर पर इसी वर्ग के लिए भेजी गई है। इसकी दूसरी खुराक 28 दिन के अंतराल पर दी जाएगी। दूसरी डोज भी कोर्बेवैक्स वैक्सीन की ही दी जाएगी। फिलहाल पहले दिन ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा नहीं दी जा रही है। लाभार्थी सीधे चंदौसी सीएचसी पर जाकर ऑनस्पॉट रजिस्ट्रेशन के तहत वैक्सीनेशन करा सकते हैं।
60 के पार सभी को लगेगी प्रिकॉशन डोज
अब 60 साल से अधिक आयु वर्ग के सभी लाभार्थियों को प्रिकॉशन वैक्सीन की डोज लगाई जाएगी। इससे पहले इस आयु वर्ग के रोग ग्रस्त लोगों को प्रिकॉशन वैक्सीन की डोज लगाई जा रही थी। इसके अलावा हेल्थ केयर वर्कर फ्रंटलाइन वर्कर को पहले से ही प्रिकॉशन डोज लगाई जा रही है। संवाद
राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के मौके पर 12 से 14 साल आयु वर्ग का टीकाकरण शुरू कराया जा रहा है। राज्य स्तर से मिले निर्देशों के क्रम मंगलवार को चंदौसी सीएचसी पर एक सत्र लगाया जाएगा। टीकाकरण के दौरान 94210 बच्चों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। - डा. संतोष कुमार, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, संभल
15 से 18 तक के 2437 और 18 पार आयु के 2250 को लगा टीका
कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण का कार्य जारी है। हर रोज 15 से 18 और 18 पार आयु वालों को टीके लगाए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को जिले में टीकाकरण शिविरों में 15 से 18 वर्ष के 2437 किशोर व किशोरियों को टीका लगा। जिसमें 1357 किशोर व 1080 किशोरियां शामिल हैं। 18 पार आयु के 2250 लोगों को टीका लगाया गया। इसमें 164 को पहली व 2086 लोगों को दूसरी डोज लगाई गई है। वहीं, 28 लोगों को बूस्टर डोज लगी है। संवाद