बहजोई (संभल)। नाधौस में छह दिन से करीब 80 से ज्यादा घरों की बिजली गुल है। घरों में अंधेरा और भीषण गर्मी में पीने की पानी की किल्लत होने से लोगों में रोष है।
नाधौस निवासी बाबूराम प्रजापति का कहना था कि 12 मई को आंधी-बारिश से गांव में विद्युत पोल व लाइन टूट गई थी। ट्रांसफॉर्मर भी खराब हो गया। करीब छह दिन गांव में अंधेरा पसरा है। लोग पीने के पानी के लिए परेशान हैं। पांच दिन तक विद्युत निगम के अधिकारियों ने बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए सुध नहीं ली। रविवार को आधे गांव की बिजली आपूर्ति तो ठीक करा दी, लेकिन आधे गांव की आपूर्ति अभी तक बाधित है। अभी भी करीब 80 घरों में बिजली आपूर्ति ठप है। इससे ग्रामीण पीने के पानी को मजबूर हैं। रात में अंधेरा होने से आवागमन में दिक्कत हो रही है। इसके अलावा, विद्युत उपकरण भी शोपीस बने हुए हैं। साथ ही, बच्चों को पढ़ाई आदि में भी परेशानी हो रही है। यदि विद्युत अधिकारी ध्यान दें, तो गांव में विद्युत व्यवस्था सुचारू हो जाएगी और ग्रामीणों को बिजली की कमी से नहीं जूझना पड़ेगा।
कोट : आधा गांव की बिजली चालू कर दी गई है। सामान खत्म होने की वजह से काम पूरा नहीं हो सका है। डिवीजन से सामान मिलने के बाद बाकी घरों की बिजली भी शुरू कर दी जाएगी। - मुनीत कुमार, जेई विद्युत, बिजलीघर बिसारू