संभल के लाडम सराय में हुए पथराव में घायल व्यक्ति।
- फोटो : अमर उजाला
होली के मौके पर कुछ शरारती तत्वों की वजह से संभल में माहौल बिगड़ते-बिगड़ते बचा। कोतवाली क्षेत्र के लाडमसराय में लाउडस्पीकर बजाने के दौरान छींटाकशी हुई और इसके बाद पथराव हो गया। मंडी किशनदास सराय में भी कुछ ऐसी की वजह को लेकर लोगों के बीच टकराव हो गया। पथराव से घर के खिड़कियों के शीशे टूट गए।
पुलिस अधीक्षक व अन्य अधिकारी पहुंचे। लाठियां फटकार कर भीड़ को दौड़ा लिया। कई घरों पर दबिश देकर आठ लोगों को गिरफ्तार किया। जबकि मंडी किशनदास सराय के पथराव में दो घायल सामने आए। मगर दोनों मामलों में समझौता हो गया। पुलिस ने दोनों वर्ग के 40 लोगों के खिलाफ शांतिभंग करने के आरोप में कार्रवाई की।
मुहल्ला लाडमसराय में शुक्रवार को एक स्थान पर लाउड स्पीकर बजाकर लोग गीतों पर नृत्य कर रहे थे। दूसरे वर्ग के लोगों ने लाउडस्पीकर की आवाज कम करने को कहा गया। इसके बाद विवाद बढ़ गया। दोनों वर्गों के लोग आमने-सामने आ गए। पथराव होने लगा। इससे अफरातफरी मच गई। तमाम लोग सहम गए। घरों में दुबक गए। जबकि शरारत करने वाले डटे रहे।
मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक रविशंकर छवि, अपर पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पांडेय, कोतवाली प्रभारी अनिल समानिया भारी पुलिस बल के साथ पहुंच गए। पुलिस ने लोगों को दौड़ा लिया। कई घरों पर दबिश भी दी गई। पुलिस ने सख्ती करके हालात संभाल लिए। पुलिस ने कई घरों पर दबिश देकर दोनों वर्ग के चार-चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
जिम्मेदार लोगों से घटना की सच्चाई भी जानी। बाद में दोनों वर्गों के बीच समझौता हो गया। हालांकि पुलिस ने दोनों वर्ग के दस-दस लोगों के खिलाफ शांतिभंग करने के आरोप में कार्रवाई की है। इन्हें दो-दो लाख रुपये के मुचलके में पाबंद कराया जा रहा है। भविष्य में कोई घटना होगी तो धनराशि वसूलने की कार्रवाई की जाएगी।