संभल। मुजाहिदपुर कैला देवी में बना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विभागीय उदासीनता की पोल खोल रहा है। शुक्रवार की सुबह साढ़े 11 बजे तक अस्पताल नहीं खुल सका। अस्पताल के गेट पर बैठे मरीज डाक्टर के आने का इंतजार करते रहे। डाक्टर नहीं पहुंचे तो बिना दवाई लिए बैरंग लौट गए। मरीजों में इसे लेकर रोष दिखाई दिया।
आठ किलोमीटर की दूरी तय कर बदनपुरी से कैला देवी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे शंकर यादव मीडियाकर्मी को देख अचानक ही बिफर पड़े।
वह बोले कि लाखों की लागत से बने सरकारी अस्पताल का क्या फायदा। समय पर कभी खुलता नहीं, दूर से आओ और बिना दवा लिए ही लौट जाओ। यह स्थिति है। शासन और प्रशासन को इस पर ध्यान देकर कार्रवाई करनी चाहिए।
वहीं दूसरे मरीज रोरादीप निवासी शेर सिंह का कहना था कि भीषण सर्दी में जैसे तैसे कर अस्पताल तक पहुंचे। सोचा दवाई लेकर ठीक हो जाएंगे। लेकिन यहां की स्थिति ऐसी कि दवाई मिलना तो दूर अस्पताल खुला तक नहीं मिला। बिना दवा लिए ही अब घर को लौटना पड़ेगा। सिसौना निवासी सोमपाल सिंह ने कहा कि सर्दी में बेहाल हैं। मुश्किल से अस्पताल पहुंच पाया हूं। डाक्टर के आने का इंतजार है। पता नहीं डाक्टर आएंगे भी या नहीं। बारह बजने वाले है लेकिन अभी तक डाक्टर का कुछ पता नहीं है। फार्मासिस्ट महीपाल से जब फोन कर अस्पताल खुलने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह छुट्टी हैं। किसी और की अस्पताल में तैनाती नहीं है।