मढ़न। विद्युत उपकेंद्र टांडाकोठी के गांव सैदपुर जयराम में शिव मंदिर के पास रखा 63 केवीए का ट्रांसफार्मर फुंक जाने से 70 घरों में अंधेरा छाया है। शिकायत के बावजूद ट्रांसफार्मर सही न होने से आक्रोशित लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। जल्द ही समाधान कराए जाने की मांग उठाई। लोगों ने समाधान न होने की स्थिति में आंदोलन करने चेतावनी दी है।
गांव सैदपुर जयराम में 63 केवीए का यह ट्रांसफार्मर शनिवार की शाम सात बजे करीब फॉल्ट होने की वजह से ट्रांसफार्मर फट गया था। जिससे गांव के करीब 70 घरों की बिजली गुल हो गई। बिजली आपूर्ति न होने से गर्मी में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव के लोगों का कहना है कि शनिवार की शाम से ट्रांसफार्मर फुंकने की शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई भी विभागीय अधिकारी समस्या सुनने के लिए तैयार नहीं है। अब तो घरेलू इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शोपीस बने हुए हैं। सबसे बड़ी समस्या इनवर्टर बंद होने से शुरू हो गई है। ग्रामीण मोमबत्ती से घरों में उजाला कर रहे हैं।
आक्रोशित लोगों ने प्रदर्शन करके बिजली विभाग से 24 घंटे में आपूर्ति व्यवस्था सुधार की मांग की है। सुधार न होने पर आंदोलन करने का अल्टीमेटम दिया है। इस दौरान राजू सिंह, मुकेश कुमार, अयूब अहमद, देवेंद्र सिंह, ओमपाल सिंह, मंजूर अहमद, गुरदेव सिंह, सत्यपाल सिंह, महेश सिंह, रोहित कुमार आदि रहे।
0000
सोमवार को ही ट्रांसफार्मर फुंकने की जानकारी मिली। अभिलेख तैयार कराए जा रहे हैं। जल्द ही बदलवा दिया जाएगा।
किरन पाल, अवर अभियंता, टांडाकोठी