बहजोई। बहजोई उपकेंद्र से जुड़े बिजली चोरी के 70 उपभोक्ताओं ने दिसंबर में 50 प्रतिशत छूट का लाभ लेकर 17 लाख रुपये की जुर्माना राशि जमा की है।
जेई रोहित कुमार वरुण ने बताया कि बहजोई से जुड़े बिजली चोरी के मामलों के 261 उपभोक्ताओं पर करीब सवा करोड़ रुपये की जुर्माना राशि बकाया है। अब शेष रहे उपभोक्ताओं को जनवरी में बकाया जुर्माना की धनराशि जमा करने पर 45 प्रतिशत छूट का लाभ मिलेगा। इसके अलावा इन उपभोक्ताओं को सम्मन शुल्क भी जमा करना होगा। फरवरी में जमा जुर्माना की राशि जमा करने पर उपभोक्ताओं को 40 प्रतिशत छूट का लाभ मिल सकेगा।
जेई ने बताया कि जुर्माना की राशि जमा करने के बाद उपभोक्ताओं को चंदौसी स्थित एक्सईएन कार्यालय से मिली एनओसी को संभल के बिजली चोरी निरोधक थाना में जमा करना होगा। इसके बाद थाना की ओर से उपभोक्ता के बिजली चोरी के मामले में फाइनल रिपोर्ट लग जाएगी और उपभोक्ताओं को बिजली चोरी के मामले में राहत मिल जाएगी।