चंदौसी। मकर संक्रांति के मौके पर बहजोई और बिलारी के लोगों की एक लंबी मांग को रेल मंत्रालय ने पूरा कर दिया है। सांसद सत्यपाल सैनी की मांग पर लिंक एक्सप्रेस का स्टापेज बहजोई में और सद्भावना एक्सप्रेस का स्टापेज राजा का सहसपुर (बिलारी) में स्वीकृत कर दिया है। दोनों रेलवे स्टेशन पर 16 जनवरी को ट्रेनों के रुकने के बाद सांसद हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
देहरादून से अलीगढ़ और अलीगढ़ से देहरादून के बीच चलने वाली लिंक एक्सप्रेस का स्टापेज चंदौसी के बाद राजघाट नरौरा पर ही था। यह ट्रेन अलीगढ़ पहुंचने के बाद संगम एक्सप्रेस बनकर इलाहाबाद जाती है। बहजोई के यात्रियों को स्टापेज नहीं होने के कारण इस ट्रेन का लाभ नहीं मिल पाता था। कई सालों से बहजोई के लोग लिंक एक्सप्रेस का स्टापेज बहजोई में बनाए जाने की मांग करते आ रहे थे।
भाजपा सांसद सत्यपाल सैनी से भी कई बार मांग की गई तो उन्होंने रेल मंत्री से मिलकर यहां मांग रखी। इसी तरह चंदौसी मुरादाबाद के बीच बिलारी में सद्भावना एक्सप्रेस का स्टापेज नहीं है। यह ट्रेन रख्सौल से दिल्ली जाती है।
बिलारी क्षेत्र के लोगों को इस ट्रेन का कोई लाभ स्टापेज नहीं होने के कारण नहीं मिलता था। यहां के लोग भी लंबे समय से सद्भावना के स्टापेज की मांग कर रहे थे। सांसद सत्यपाल सैनी ने सोमवार को बताया कि रेलमंत्रालय ने लिंक एक्सप्रेस का स्टापेज बहजोई में और सद्भावना एक्सप्रेज का स्टापेज राजा का सहसपुर (बिलारी) रेलवे स्टेशन पर करने की स्वीकृति आज प्रदान कर दी है। यह ट्रेने 16 जनवरी को नए स्टापेज पर रुकेगी और वह इन ट्रेनों को रुकने के बाद हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इन दोनों ट्रेनों का लाभ बहजोई व बिलारी के यात्रियों को मिलना शुरू हो जाएगा।