मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों को बड़े तोहफे के रूप में बिजली बिलों में सरचार्ज माफ करने का एलान किया तो किसानों के चेहरों पर खुशी छलक आई है। लेकिन समस्याओं से जूझ रहे संभल डिवीजन के 6700 किसानों पर लगभग 59 करोड़ रुपये का बकाया है। विद्युत विभाग भी परेशान है। मगर सरचार्ज माफ होने से जहां किसानों का बोझ उतरेगा तो विद्युत विभाग के अधिकारी भी सुकून महसूस करेंगे। अधिकारियों को शासन की गाइड लाइन मिलने का इंतजार है।
अमरोहा जिले के भ्रमण पर आए उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों को राहत देने के लिए बड़ा फैसला लिया। उन्होंने बिजली बिलो में सरचार्ज माफी का एलान कर दिया। इससे किसान उत्सुक और उत्साहित हैं। भारतीय किसान यूनियन ने भी मुख्यमंत्री के एलान की सराहना की। किसानों के कनेक्शन और बकाये की बात करें तो संभल डिवीजन का आंकड़ा बहुत बड़ा है। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार नलकूप के 8200 कनेक्शन हैं। 30 करोड़ रुपये बकाया था। 3600 कनेक्शन धारकों से विभाग ने 8 करोड़ रुपये वसूल कर लिए। अभी 22 करोड़ रुपये बकाया चल रहा है। 3800 घरेलू कनेक्शन हैं। इन पर 60 करोड़ रुपये बकाया था।
1700 कनेक्शन धारकों से 23 करोड़ रुपये वसूल लिए गए। 2100 कनेक्शन धारकों पर 37 करोड़ रुपये का बकाया चल रहा है। विभाग के अधिकारी भी मुख्यमंत्री के एलान से राहत मिल जाने की बात कह रहे हैं। क्योंकि सरचार्ज माफ होगा तो कनेक्शन धारक बिल जमा करेंगे।