चंदौसी (संभल)। उपचुनाव में मंगलवार को ग्राम पंचायत जनेटा में प्रधान पद के लिए मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। शाम पांच बजे तक 54.11 प्रतिशत वोटिंग हुई। इसी के साथ छह प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतपेटिका में बंद हो गया। मतगणना आठ अगस्त को ब्लाॅक मुख्यालय पर होगी।
बनियाखेड़ा ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत जनेटा में प्रधान की मौत के बाद से उपचुनाव होना प्रस्तावित था। इसके लिए मंगलवार सुबह सात बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान 16 बूथों पर शुरू हुआ। शाम पांच बजे तक कुल 5127 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के दौरान मतदान केंद्र पर पीएसी के साथ ही भारी संख्या में पुलिस बल तैनात की गई थी। मतदान के दौरान डीएम डॉ राजेंद्र पैन्सिया और एसपी कुलदीप सिंह गुवावत ने भी दौरा कर स्थिति की जानकारी ली। सुबह से ही मतदान केंद्र पर मतदाताओं की कतार लग गई। लोगों में खासा उत्साह दिखाई दे रहा था। सुबह 11 बजे तक 30 प्रतिशत वोटिंग हुई। दोपहर में मतदान की गति धीमी रही। शाम को बूथ पर दो तीन की संख्या में मतदाता दिखाई दिए। शाम पांच बजे मतदान शांतिपूर्ण रूप से संपन्न हुए।
नारेबाजी कर रहे समर्थकों को दौड़ाया
जनेटा ग्राम पंचायत में मतदान संपन्न होने के बाद दो प्रत्याशियों के समर्थक पोलिंग बूथ के बाहर नारेबाजी करने लगे। यहां मौजूद पुलिस कर्मियाें ने समर्थकों को दौड़ा दिया। इस दौरान एक प्रत्याशी की दरोगा से नोकझोंक हो गई।
-
मतदाताओं को बूथ पर लाने की लगी रही होड़
मंगलवार को सुबह जैसे ही जनेटा में मतदान शुरू हुआ। प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ मतदाताओं को वोट डालने के लिए घर से बुलाने पहुंच गए। इस दौरान बुजुर्ग मतदाताओं को ई- रिक्शा की व्यवस्था प्रत्याशियों ने की थी। कई प्रत्याशियों ने बाइकें भी लगाई थी।
-
वर्जन
जनेटा ग्राम पंचायत में प्रधान पद के लिए उपचुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ है। शाम पांच बजे तक 54.11 प्रतिशत मतदान हुआ है। -नीतू रानी, एसडीएम