संभल। चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले बहुत सारे काम सरकारी तंत्र ने बड़ी जल्दी-जल्दी किए हैं। इसमें एक संभल जिले का विद्युत सब स्टेशन भी है। भवानीपुर सब स्टेशन को आचार संहिता लागू होने से एक दिन पहले ही आधी-अधूरी क्षमता में चालू कर दिया गया। सब स्टेशन पर 5-5 एमवीए के दो ट्रांसफार्मर लगने थे लेकिन एक ट्रांसफार्मर लगने से पहले ही उसे चालू किया गया। दूसरा ट्रांसफार्मर एक दो दिन बाद चालू हो सकेगा।
असल में सरकारी तंत्र का यह प्रयास रहा जो भी विकास संबंधी नए काम हैं, वह आचार संहिता लागू होने से पहले ही पूरे करा लिए जाएं। इसी मंशा से जनपद में स्वच्छ भारत मिशन के तहत बड़ी तेजी के साथ गांवों में स्वच्छ शौचालय और विद्युतीकरण का काम किया गया।
यहां तक कि आचार संहिता लागू होने के एक दिन पहले भी भवानीपुर में सब स्टेशन को आधी-अधूरी तैयारी के साथ चालू कर दिया गया। लेकिन यह अच्छी बात है कि इससे आने वाले दिनों में भवानीपुर और फत्तेपुरसराय क्षेत्र के 20 से अधिक गांवों के विद्युत उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।
वहीं विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता से जब पूछा गया तो उन्होंने बताया कि भवानीपुर में अब तक सब स्टेशन नहीं था। बिजली फत्तेपुर सराय सब स्टेशन से मिला करती थी। अब भवानीपुर में नया सब स्टेशन चालू होने से फत्तेपुर सराय की ओवरलोडिंग कम हो जाएगी और उस सब स्टेशन से जुड़े गांवों को भी अधिक बिजली मिलेगी।
वहीं उनका कहना था कि भवानीपुर सब स्टेशन पर लगा 5 एमवीए का एक ट्रांसफार्मर चालू करने की स्थिति में था।
इसे चालू कर दिया गया। इसका लाभ भी अब लोगों को मिलने लगा है। पांच एमवीए का दूसरा ट्रांसफार्मर भी आ गया है। टेस्टिंग के बाद उसे भी चालू किया जाएगा। दोनों ट्रांसफार्मर चालू होने से 20 से अधिक गांवों के लोग लाभान्वित होंगे। भवानीपुर, जोगीपुरा, हैबतपुर, गोविंदपुर, बिछौली, गोविंदपुर गांव इसमें प्रमुख हैं।