चंदौसी। किसानों के बकाया गन्ना भुगतान सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर किसान संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं ने तहसील कार्यालय पर बेमियादी धरना शुरू कर दिया। शाम को उप जिलाधिकारी ने आंदोलनकारियों से बातचीत करके एक सप्ताह में बकाया भुगतान दिलाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया। लेकिन मांगे पूरी नहीं होने पर नौ जनवरी को फिर से आंदोलन किया जाएगा।
किसान संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामेश्वर दयाल शर्मा की अगुवाई में दर्जनों ग्रामीण कार्यकर्ता गुरुवार की सुबह 11 बजे तहसील परिसर पहुंचे। पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार किसानों ने बेमियादी धरना शुरू कर दिया।
राष्ट्रीय महासचिव डा. मंगल सेन सैनी ने बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान दिलाने, मंगल दलों की भूमि का सौंदर्यीकरण, मत्स्य पालन के तालाबों में हुई धांधली की जांच, लिए गए सुविधा शुल्क की वापसी, गरीबों का आवास दिलाने आदि मांगों को सामने रखा।
शाम को उप जिलाधिकारी मौके पर पहुंचे। सभी समस्याओं पर बातचीत की। जिसमें हफ्ते भर के अंदर बकाया गन्ना भुगतान दिलाने सहित कई अन्य मांगों पर भी सहमति व्यक्त की। इस पर किसानों ने बेमियादी धरने को समाप्त कर दिया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि शीघ्र समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो नौ जनवरी को फिर से बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इसमें कृष्ण शर्मा, वीर सिंह यादव, हरिओम राणा, देव करण राणा, आनंद पाल, नौबतराम, ओमकार सिंह, कल्लू कश्यप, इंद्रपाल, भगवान देई, अनारो, हंसवती आदि कई लोग शामिल रहे।