बारिश ने विद्युत आपूर्ति को बेपटरी कर दिया है। इसका खामियाजा उपभोक्ताओं को उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
असमोली क्षेत्र के टांडा कोठी विद्युत उप केंद्र के मनौटा, मढन, गुमसानी, बेला फीडरों से जुडे गांवों को जोड़ने वाली विद्युत लाइनें पेड़ों की शाखाओं से ढकी हैं। रुक-रुक कर हो रही बारिश से भीगे पेड़ों की टहनियां लाइनों में फाल्ट कर रही हैं।
इससे उप केंद्र के ओबरी, रचेटा, मतावली, चंदवार, मनौटा, असगरीपुर, हीरापुर, मलकपुर नवादा, हरथला, सैंधरी, डोंडी, फतेहउल्ला गंज, गुमसानी, मुबारकपुरबंद, दुगावर, हरसिंहपुर, शफातनगर, बेला समेत 40 गांवों की बिजली आपूर्ति पहली जुलाई से प्रभावित है।
चौबीस घंटे में दस घंटे भी आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। फाल्ट हो रहे हैं और फाल्ट समय पर ठीक नहीं हो पाते हैं। स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता मुरारीलाल सिलानिया ने बताया कि यदि जल्दी ही विद्युत विभाग के अधिकारियों ने समस्या से निजात नहीं दिलाई तो वह शिकायत मुख्यमंत्री से करेंगे।