बहजोई। सांसद निधि की धनराशि से होने वाले विकास कार्यों के लिए जिला स्तर पर प्रस्ताव मिल चुके हैं। पीडी डीआरडीए, ज्ञान सिंह ने बताया कि जिले को सांसद निधि की पहली किस्त के रूप में पांच करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त हो चुकी है। इसके तहत जिला स्तर पर संभल सांसद जियाउर्रहमान बर्क की ओर से कई प्रस्ताव भी मिल चुके हैं। पीडी ने बताया कि सांसद की ओर से मिले प्रस्तावों में सौ मीटर की एक सड़क समेत 38 वाटर कूलर, 21 हाईमास्ट लाइटें व 2 स्टील से बने यात्री शेड शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि प्रस्ताव के मुताबिक सौ मीटर की सड़क बहजोई में बनेगी। वहीं, संभल के रायसत्ती व दीपा सराय में स्टील के दो यात्री शेड बनेंगे। इसके अलावा वाटर कूलर हाईमास्ट लाइटें जिले में विभिन्न स्थानों पर लगाई जाएंगी। पीडी ने बताया कि सभी कार्यों के क्रियान्वयन के लिए कार्यदायी संस्थाओं को नामित किया जा रहा है। नामित होने के बाद कार्यदायी संस्थाओं की ओर से प्रस्ताव के सभी कार्यों के क्रियान्वयन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।