संभल। कोरोना संक्रमण से अपने माता-पिता या दोनों में से किसी एक को गवां चुके 36 बच्चों को जिला प्रशासन की ओर से चिन्हित किया गया है। अब बच्चों को आर्थिक सहायता देने की तैयारी शुरू हो गई है। 4000 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से बच्चों को आर्थिक सहायता दी जाएगी। व्यावसायिक शिक्षा प्राप्त कर रहे 18 वर्ष तक के बच्चों को टैबलेट और लैपटॉप देने की व्यवस्था भी प्रशासन करेगा। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि कोरोना काल में अनाथ हुए बच्चों के भरण-पोषण, शिक्षा, चिकित्सा के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत 4000 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। यह रुपये वैद्य संरक्षण के खाते में दिए जाएंगे। इसमें जो बालिकाएं शामिल होंगी उनकी शादी के लिए 1.01 लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। जिला बाल संरक्षण इकाई की टीम एक मार्च-2020 से मरने वाले अभिभावकों का विवरण संकलन कर रही है।