विधानसभा चुनाव के लिए हुए नामांकन के दौरान दो प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पर्चे वापस लिए। अब जिले की चारों विधानसभाओं से कुल 36 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रहेंगे। निर्वाचन अधिकारियों की ओर से प्रत्याशियों को चुनाव-चिन्ह वितरित किए गए।
बुधवार को विधानसभा चुनाव के लिए हुए नामांकन के दौरान दो प्रत्याशियों ने नाम वापस लिए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि नाम वापसी के दिन 111-विधानसभा क्षेत्र गुन्नौर से निर्दलीय प्रत्याशी लखवेंद्र सिंह उर्फ अखिलेश यादव ने तथा 33-विधानसभा क्षेत्र संभल से निर्दलीय प्रत्याशी सुृहेल इकबाल ने अपना नामांकन पर्चा वापस लिया। अब विधानसभा क्षेत्र गुन्नौर व संभल में 09-09 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
31-विधानसभा क्षेत्र चंदौसी के निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि कुल 07 वैध प्रत्याशियों में भारतीय जनता पार्टी की गुलाब देवी को कमल, राष्ट्रीय लोकदल के रविंद्र कुमार को हैंडपंप, इंडियन नेशनल कांग्रेस की विमलेश कुमारी को हाथ, बहुजन समाज पार्टी की विरमावती को हाथी व महान दल की ज्योत्सना को ऑटो रिक्शा तथा निर्दलीय प्रत्याशी ब्रह्म देव को कोट तथा रामपाल सिंह को अलमारी चुनाव-चिन्ह दिया गया है।
111-विधानसभा क्षेत्र गुन्नौर के निर्वाचन अधिकारी प्रतिपाल सिंह ने बताया कि कुल 10 प्रत्याशियों में से 01 निर्दलीय प्रत्याशी लखवेंद्र सिंह उर्फ अखिलेश यादव ने नामांकन पर्चा वापस लिया।
शेष 09 प्रत्याशियों में भारतीय जनता पार्टी के अजीत कुमार उर्फ राजू यादव को कमल, बहुजन समाज पार्टी के मोहम्मद इसलाम खां को हाथी, समाजवादी पार्टी के रामखिलाड़ी यादव को साईकिल, भारतीय सुभाष सेना के कुंवरपाल को वैक्यूम क्लीनर, संयुक्त समाजवादी दल के बहादुर सिंह यादव को चप्पलें, ऑल इंडिया फारबर्ड ब्लाक के हरीसिंह को शेर तथा निर्दलीय प्रत्याशी अजीत को फूलगोभी, अतुल कुमार को टेलीविजन तथा सुरेश चंद्र को ऑटो रिक्शा चुनाव-चिन्ह दिया गया है।
33-विधानसभा क्षेत्र संभल के निर्वाचन अधिकारी राशिद अली ने बताया कि कुल 10 प्रत्याशियों में से 01 निर्दलीय प्रत्याशी सुहेल इकबाल ने नामांकन पर्चा वापस लिया। शेष 09 प्रत्याशी में से भारतीय जनता पार्टी के डा. अरविंद को कमल, समाजवादी पार्टी के इकबाल महमूद को साईकिल, राष्ट्रीय लोकदल के कैसर अब्बास को हैंडपंप, बहुजन समाज पार्टी के रफतउल्ला उर्फ नेता छिद्दा को हाथी, एआईएमआईएम के जियाउर्रहमान को पतंग व जनशक्ति दल के नेमसिंह जाटव एडवोकेट को बाल्टी तथा निर्दलीय प्रत्याशियों में अजय कुमार को कैरमबोर्ड, फरहाद को रोड रोलर व संतोष कुमारी को आरी चुनाव-चिन्ह दिया गया है।
32-विधानसभा क्षेत्र असमोली के निर्वाचन अधिकारी प्रभुदयाल ने बताया कि कुल वैध 11 प्रत्याशियों में बहुजन समाज पार्टी के अकीलुर्रहमान खां को हाथी, राष्ट्रीय लोकदल के धीरेंद्र यादव को हैंडपंप, भारतीय जनता पार्टी के नरेंद्र सिंह को कमल, समाजवादी पार्टी की पिंकी यादव को साईकिल, किसान शक्ति जनतांत्रिक पार्टी के अशरफ को पानी गरम करने की रॉड व सर्व सम्भाव पार्टी के रामसरन को टायर तथा निर्दलीय प्रत्याशियों में अजय कुमार को कोट, जाकिर खान को अलमारी, जाकिर हुसैन को एअर कंडीशनर, पप्पू को ऑटो रिक्शा व महाराम सिंह को गुब्बारा चुनाव-चिन्ह दिया गया है।