चंदौसी। किसान संघर्ष समिति गांव असालतपुर जारई में काजी हाउस व पंचायत भवन पर अवैध कब्जे को लेकर आंदोलनरत थी। लेकिन खंड विकास अधिकारी के आश्वासन के बाद समिति ने धरना प्रदर्शन स्थगित कर दिया है।
किसान संघर्ष समिति ग्राम असालतपुर जारई में काजी हाउस व पंचायत भवन पर अवैध कब्जे को लेकर ब्लाक बनियाखेड़ा परिसर में धरना प्रदर्शन कर रही थी। दूसरे दिन धरना स्थल पर खंड विकास अधिकारी शिखर श्रीवास्तव पहुंचे।
उन्होंने सारी जानकारी ली और तीन दिन में कार्रवाई किए जाने का लिखित आश्वासन दिया। समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामेश्वर दयाल शर्मा ने कहा कि गांव असालतपुर जारई में भू-माफिया ने 45 वर्ष पुराने पंचायत भवन पर अवैध कब्जा कर लिया है। शिकायत के बाद भी आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसीलिए समिति को धरना प्रदर्शन करना पड़ा।
उन्होंने बताया कि आंदोलन के दूसरे दिन खंड विकास अधिकारी ने मौके पर आकर सारी जानकारी ली है। साथ ही तीन दिन में कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया है। इसके बाद धरना प्रदर्शन स्थगित कर दिया गया है। अगर तीन के अंदर संबंधित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज व अवैध निर्माण ध्वस्त नहीं कराया जात है तो समिति दोबारा उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।