बबराला (संभल)। पितरों का तर्पण करने के लिए राजघाट गंगा में स्नान करने आए एक ही परिवार के चार लोग गंगा में डूब गए जिनमें गोताखोरों ने तीन लोगों को बचा लिया जबकि एक को बचाने में नाकाम रहे। जिसे करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद से गंगा तट पर अफरातफरी का माहौल हो गया।
रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव पंवारी के ओम प्रकाश पिछले कुछ वर्षों से दिल्ली के अमन विहार में अपने परिवार के साथ रहते हैं। मंगलवार को वह परिवार के नौ सदस्यों के साथ राजघाट गंगा तट पर श्राद्ध और तर्पण करने के लिए पहुंचे थे। जहां वह परिवार के साथ स्नान कर रहे थे। उनका 18 वर्षीय बेटा दिलीप सिंह अचानक गहरे गड्ढे में डूबने लगा जिसे बचाने के लिए दिलीप का बड़ा भाई बिशन सिंह और छोटा भाई ललतेश अंदर घुसे तो डूबने लगे जिसके बाद बिशन सिंह की पत्नी राजकुमारी भी अंदर घुसी और डूब गई। चारों लोगों को गंगा में डूबते देख मौके पर मौजूद गोताखोरों ने बचाने के लिए गंगा में कूद गए।
इस दौरान उन्होंने तीन लोगों को बचा लिया लेकिन दिलीप सिंह का काफी देर तक सुराग नहीं लगा। आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और बबराला के निजी अस्पताल भिजवाया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। बताया जा रहा है की नदी में बाढ़ आने के बाद गंगा ने अपनी धारा का प्रवाह क्षेत्र बदल लिया और बुलंदशहर जनपद की दिशा से संभल जनपद की दिशा की ओर रुख कर लिया है जिसकी वजह से गंगा किनारे गहरे गड्ढे बन गए हैं जिनमें लगातार हादसे हो रहे हैं। डूबने की घटना के दौरान गंगा घाट पर अफरातफरी का माहौल बन गया। मौके पर पहुंची पुलिस चेतावनी देकर गहरे स्थानों पर न जाने की सलाह दी।