संभल। वित्त वर्ष 2021-22 की कार्य योजना में जिले की 300 से ज्यादा छोटी बड़ी सड़कें शामिल की गई हैं। इस कार्ययोजना को लोक निर्माण विभाग ने मुख्यालय भेज दिया है। अब इन सड़कों में प्राथमिकता के आधार पर सड़कों की सूची बनाई जाएगी और मुख्यालय भेजी जाएगी। उसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।
इन सड़कों में बड़ी संख्या में सड़कें ऐसी हैं जो दस वर्ष या उससे भी ज्यादा समय से पूरी तरह खराब हैं। ग्रामीणों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। कार्य योजना में जिले की चार विधानसभाओं की सड़कें हैं। सबसे ज्यादा खराब सड़कें गुन्नौर विधानसभा क्षेत्र की हैं। विभिन्न गांव और मुख्य मार्ग पर करीब 64 किलोमीटर लंबा काम किया जाना है।
दूसरे नंबर पर खराब सड़कें चंदौसी विधानसभा क्षेत्र की हैं। चंदौसी विधानसभा क्षेत्र में 45 किलोमीटर लंबी सड़कें बनाई जानी हैं। सबसे ज्यादा लंबी सड़क कुड़फतेहगढ़ क्षेत्र में 12 किलोमीटर खराब है। इसके अलावा एक से तीन किलोमीटर दूरी की सड़कें खराब हैं। असमोली और संभल विधानसभा क्षेत्र में 28-28 किलोमीटर लंबी सड़कें खराब हैं। ज्यादातर सड़कें वह हैं जो ग्रामीण इलाकों को जोड़ती हैं। जिले की 300 से ज्यादा छोटी बड़ी सड़कों पर 345 किलोमीटर लंबा काम होना है। इन सड़कों की भी प्राथमिकता के आधार पर सूची बनाई जाएगी। जो मुख्यालय भेजी जाएगी।
70-80 सड़कों को अगस्त तक किया जाना है गड्ढा मुक्त
संभल। शासनादेश के अनुसार जिले की करीब 70-80 सड़कें ऐसी हैं जिन्हें गड्ढा मुक्त किया जाना है। इस पर कार्य जल्द शुरू होने वाला है। गड्ढों से भरी सड़कें ज्यादातर वह हैं जो कई गांव या किसी नगर को जोड़ती हैं। जहां गड्ढे भरे जाने हैं उन्हें कार्य योजना में भी शामिल किया गया है। लोक-निर्माण विभाग के अवर अभियंता अर्शी महताब ने बताया कि गड्ढा मुक्त करने के लिए जल्द कार्य शुरू होगा। अगस्त तक पूरी तरह सड़कें गड्ढा मुक्त कर दी जाएंगी। इसके लिए शासन से भी आदेश मिल गया है।