संभल। संदिग्ध अवस्था में महिला घर के एक कमरे में चारपाई पर मृत पड़ी मिली। जानकारी होने पर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घटना की जानकारी ली। जांच-पड़ताल के बाद पुलिस ने महिला के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। सूचना पर मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए। वहीं ससुराल वाले घर से फरार हैं। घटना थाना क्षेत्र के गांव बहापुर पट्टी की है।
गुरुवार की देर शाम पुलिस को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के गांव बहापुर पट्टी में एक घर में महिला मृत पड़ी है। सूचना मिलने पर सिटी इंचार्ज अजय कुमार धामा मौके पर पहुंचे तो सामने आया कि महिला घर के कमरे में चारपाई पर मृत पड़ी है। सिटी इंचार्ज के मुताबिक महिला के गले पर निशान बने थे। मायके वाले मौके पर थे, जबकि ससुराल वाले घर से फरार थे। पूछताछ में महिला का नाम नाजिश पत्नी जीशान (22) निवासी गांव बहापुर पट्टी बताया गया। मायके वालों से मिली जानकारी में सामने आया कि नाजिश कि करीब डेढ़ वर्ष पहले शादी की थी। पूरे मामले की बारीकी से जांच- पड़ताल की जा रही है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेजा जा रहा है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।