चंदौसी। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव मई के खलिहान में रातभर खेत में पड़े रहे युवक की ठंड लगने से मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर जाकर जानकारी ली और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेेजा है।
कोतवाली के मोहल्ला कैथल गेट निवासी शंकर लाल (30) पुत्र प्यारे लाल काफी समय से अपने परिवार से अलग गणेश कालोनी गली नंबर दो में रहता था। उसका शव गुरुवार की दोपहर ग्राम मई के एक खलिहान में मिला। इससे पुलिस व ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार शंकरलाल बुधवार की शाम अपने साथी के साथ बाद में उसका साथी उसे छोड़कर चला गया।
माना जा रहा है कि शंकरलाल रात भर खेत में पड़ा रहा। जिसके कारण उसकी मौत हो गई। मौत की जानकारी उस समय हुई जब खेत का बटाईदार शमीम खेत पर पहुंचा और वहां शव को देखा। उसने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और उसने शव की शिनाख्त का प्रयास शुरू कर दिया। मृतक की जेब से मिले मोबाइल पर कॉल की गई तो गणेश कालोनी के किसी शिवा नाम के युवक ने बात की।
वह सूचना मिलने पर मौके पर आ गया। उसने मृतक की शिनाख्त शंकर लाल के रुप में की और बताया कि वह उसके पड़ोस में रहता है। अधिक पीने पर वह ही शंकरलाल को अक्सर घर पहुुंचाता था। इस दौरान मृतक के चचेरा भाई अक्कू भी आ गए। उन्होंनेे बताया कि शंकर के माता-पिता की मौत हो चुकी है। वह अकेला ही गणेश कालोनी में रहता था। पुलिस ने पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि युवक खेत में पड़ा रहा। ठंड लगने के कारण उसकी मौत हो गई।