संभल। तहसील के गांव मुजफ्फ रपुर में ईंट भट्ठा पर मजदूरों को बंधक बनाए जाने का मामला प्रकाश में आया है। मजदूरों ने इसकी सूचना एसडीएम को दी। बंधक बनाने की सूचना पर हरकत में आए प्रशासन ने कार्रवाई के आदेश दिए। मौके पर पहुंची हयातनगर पुलिस ने मजदूरों को बंधन मुक्त कराया और उनके गांव भेजा है। मजदूरों ने एक महीने से बंधक बनाए रखने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले में जांच पड़ताल करने की मांग कर रही है। बुधवार को हयानगर थाना क्षेत्र के एक ईंट भट्ठा से मजदूरों ने उप जिलाधिकारी दीपेंद्र यादव को बंधक बनाए जाने की सूचना दी। उप जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए हयातनगर पुलिस को मौके पर भेजा। पुलिस सात परिवारों के बीस लोगों को भट्ठे से थाने ले आई। मुजफ्फरनगर के कांधला निवासी मोहम्मद वसीम ने बताया कि एक महीने पहले शामली निवासी ठेकेदार इंतेजार भट्ठे पर मजदूरी के लिए लाया था। ठेकेदार भट्ठे पर छोड़कर चला गया। मालिक से खर्च को रुपयेेे मांग तो वह गाली गलौज कर मारपीट करता था। रविवार को भट्ठा मालिक ने दर्जन भर लोगों के साथ मिलकर मारपीट की। इसकी सूचना यूपी 100 पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची यूपी 100 पुलिस आश्वासन देकर लौट गई, लेकिन भट्ठे से साथ लेकर नहीं गई। मंगलवार रात को भट्ठा मालिक ने फिर से मारपीट की और धमकाने के लिए फायरिंग भी की गई। इसकी सूचना यूपी 100 पुलिस को दी लेकिन कोई मदद नहीं हुई। बुधवार को सुबह छह बजे उप जिलाधिकारी को सूचना दी तब थाने से पुलिस पहुंची और साथ लेकर आई। हयातनगर पुलिस ने सभी मजदूरों को उनके गांव भेज दिया है। पुलिस जांच पड़ताल करने की बात कह रही है। वहीं दूसरी ओर थाना प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन गिरि ने बताया कि मजदूरों को उनके गांव भेज दिया गया है। भट्ठा मालिक की ओर से ठेकेदार के खिलाफ तहरीर ली जा रही है।