गुन्नौर/बबराला। मेरठ - बदायूं मार्ग पर राजस्थान पुलिस की एक बोलेरो की सामने से आ रहे एक कैंटर से भिड़ंत हो गई जिससे बोलेरो में सवार ट्रांसपोर्ट कंपनी के एक कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि राजस्थान पुलिस के कोतवाल समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को गुन्नौर की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां से चार घायलों को अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।
एक माह पूर्व नई दिल्ली की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी का एक ट्रक सामान लेकर राजस्थान के अजमेर जनपद गया था। जहां बदमाशों ने ट्रक चालक की हत्या कर उसके शव को अजमेर जनपद के थाना विजयनगर इलाके में फेंक दिया था और ट्रक को लूट कर ले गए थे। इस प्रकरण के खुलासे के लिए विजयनगर थाने के कोतवाल बाग सिंह ने ट्रांसपोर्ट कंपनी के एक कर्मचारी एसके तिवारी निवासी जनपद मिर्जापुर को अपने साथ लिया। हत्यारों की तलाश के लिए कांस्टेबल नवल सिंह, सुरेश चौधरी, नरेंद्र सिंह सहित एक बोलेरो से बदायूं जनपद के दातागंज क्षेत्र में दबिश देने के लिए निकल पड़े। बोलेरो अलीगढ़ जनपद के थाना खैर क्षेत्र का हरिओम चला रहा था। सोमवार की सुबह तकरीबन 6 बजे जैसे ही बोलेरो कोतवाली गुन्नौर क्षेत्र के मेरठ-बदायूं मार्ग पर शहीद स्मारक गेट पर पहुंची। वहीं पर तीव्र मोड़ पर सामने से आ रहे एक कैंटर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी की बोलेरो का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और बोलेरो में सबसे आगे की सीट पर बैठे ट्रांसपोर्ट कंपनी के कर्मचारी एसके तिवारी (40 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बोलेरो चालक समेत उस में सवार सभी पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिसमें कोतवाल बागसिंह के सिर में गंभीर चोट आई। सभी घायलों को कस्बा गुन्नौर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां से कोतवाल समेत चार लोगों को अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। वहीं पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।