पालिका के एक कर्मचारी एजेंडा पढ़ते जा रहे थे और सभासदगण मेज थपथपा कर ध्वनिमत से प्रस्ताव मंजूर करते जा रहे थे। बैठक में पारित विशेष प्रस्ताव में कर्मचारियों को 7वें वेतन आयोग की संस्तुतियों का लाभ देने की औपचारिकता भी पूरी की गई।
नगर पालिका के अध्यक्ष कौसर अहमद की अध्यक्षता में पालिका बोर्ड की बैठक दोपहर 12 बजे शुरू हुई।। पालिका के कार्यालय अध्यक्ष शहाबुद्दीन ने एजेंडा पढ़ना शुरू किया। नगर पालिका क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए कुल 15 प्रस्ताव बैठक में रखे गए। विभिन्न बोर्डो में स्वीकृत 13वें वित्त आयोग, राज्य वित्त आयोग, आवस्थापना विकास निधि के अंतर्गत कराए जा रहे 54 निर्माण कार्यों के लिएम मंजूरी दी गई है। इसमें बदायूं-बिल्सी-बिजनौर मार्ग के चौड़ीकरण के लिए नगर पालिका क्षेत्र में दिल्ली रोड स्थित स्वागत द्वार से चौधरी सराय होते हुए हयातनगर स्थित स्वागत द्वार तक स्ट्रीट लाइटों के नए खंभे और लाइटें लगवाने की मंजूरी दी गई।
इस पर 39,32,810 रुपये की राशि से नया सामान खरीदा जाएगा। ईदुल जुहा के मौके पर कराई गई सफाई व्यवस्था पर खर्च हुए 4,40,400 रुपये के व्यय को भी बोर्ड ने मंजूरी दी। इस मौके पर पालिका वार्ड-10 की सभासद सुरैय्या बी के पति मशकूर हुसैन के निधन पर दो मिनट का मौन रखा गया। बता दें कि सातवें वेतन आयोग का लाभ देने के लिए शासनादेश जारी हुआ है और पालिका बोर्ड का इसमें सहमत होना जरूरी था। इसके लिए सभासदों ने सहमति जाहिर की। प्रस्ताव भी पारित किया। सातवां वेतन आयोग लागू होने पर कर्मचारियों को वेतन/एरियर के भुगतान में पालिका को 2,40,000 (दो करोड़ चालीस हजार रुपये) देने होंगे। पालिका बोर्ड ने इस पर भी अपनी मुहर लगा दी है।