चंदौसी। संभल-चंदौसी मार्ग पर मोहम्मदपुर टांडा पुलिस चौकी क्षेत्र में रोड पर खड़े ट्रिपलर में एक बाइक घुस गई। जिससे बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बनियाठेर थाना क्षेत्र के फाजलपुर गांव निवासी चरन सिंह (24) शनिवार की रात आठ बजे फतेहपुर गांव से अपने गांव लौट रहा था। चरन सिंह जब फतेहपुर सराय और पुलिस चौकी मोहम्मदपुर टांडा के बीच पहुंचा तो वहां किसी का ट्रिपलर खड़ा था। जिसे पंचर होने के कारण सड़क पर ही छोड़ दिया गया था।
चरन सिंह की बाइक ट्रिपलर से टकरा गई। टक्कर बहुत तेज थी जिससे चरन सिंह मौके पर ही गिरकर बेहोश हो गया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने परिजनों को बताया। चरन सिंह को जिला चिकित्सालय संभल ले जाया गया लेकिन वहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहां से परिजन शव को घर ले गए लेकिन पुलिस ने रविवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पत्नी कुसुम व दो छोटे बच्चों का रोते रोते बुरा हाल हो गया है।