चंदौसी। आधुनिक और औषधीय खेती किसानी में अभिनव प्रयोग करने वालेे संभल के किसान शेख इकबाल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके अभिनव प्रयोगों के लिए बधाई दी है।
संभल निवासी शेख इकबाल एक लंबे समय से किसानों को आधुनिक खेती व औषधीय खेती के लिए प्रेरित करते रहे हैं। सबसे पहले वह संभल क्षेत्र में स्ट्राबेरी को लाए, पहले अपनी निगरानी में खेती कराई, जिससे अब कई लोग स्ट्राबेरी की खेती करने लगे हैं।
अब वह ड्रेगन फ्रूट को लेकर भी किसानों को प्रेरित कर रहे हैं। कई अन्य अभिनव प्रयोगों के लिए अब तक उन्हें 180 प्रशस्ति पत्र प्राप्त हो चुके हैं, लखनऊ से दिल्ली तक कई कृषि मेले, प्रदर्शनी में भाग ले चुके हैं। उन्होेंने अपनी रुचि व प्रयोगों की जानकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी भेजी थी, जिसे लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें पत्र लिखकर बधाई दी है। जिससे शेख इकबाल काफी प्रसन्न है, उनका कहना हैकि प्रधानमंत्री ने उनकी भावनाओं को समझते हुए उनके कार्यो को सराहा है।