बबराला/रजपुरा। रजपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव में खेत से पशुओं का चारा काट कर ला रहे किसान की बैलगाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे नीचे एक किशोर दब गया। जिसकी उपचार को ले जाते समय मौत हो गई। मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
बसंतपुर गांव के भूरे सिंह अपने बेटे प्रह्लाद को साथ लेकर बुधवार को अपने खेत में पशुओं को चारा लेने गए थे। चारा काटने के बाद उसे बैलगाड़ी में रखकर वह घर वापस हो रहे थे कि रास्ते में बैल अचानक अनियंत्रित होकर भागने लगे। इससे बैलगाड़ी रास्ते किनारे एक बटिया पर चढ़कर पलट गई। उसके नीचे 15 वर्षीय प्रहलाद दब गया। उसके पिता के शोर मचाने के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बैलगाड़ी उठाकर किशोर को नीचे से निकाला और उपचार के लिए बबराला ले जा रहे थे। रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।